Monday, October 19th, 2026

केवल 3 करोड़ लोगों को मिलेगी फ्री वैक्सीन: हर्षवर्धन की सफाई

 
नई दिल्ली।

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ. हर्षवर्धन ने पूरे देश में फ्री वैक्सीन देने के अपने बयान पर ट्वीट कर सफाई देते हुए कहा है कि पहले चरण में केवल उन 3 करोड़ लोगों को फ्री टीका लगाया जाएगा, जो प्राथमिकता में सबसे आगे हैं। डॉ. हर्षवर्धन ने कहा कि इन तीन करोड़ लोगों में 1 करोड़ स्वास्थ्यकर्मी और 2 करोड़ फ्रंटलाइन वर्कर्स शामिल हैं। पहले चरण में प्राथमिकता वाले बाकी 27 करोड़ लोगों को वैक्सीन कैसे दी जाएगी, इसपर अंतिम फैसला होना अभी बाकी है।
 
दरअसल, डॉ. हर्षवर्धन शनिवार को कोरोना वायरस वैक्सीन के ड्राई रन का जायजा लेने के लिए दिल्ली के जीटीबी अस्पताल पहुंचे थे। इस दौरान डॉ. हर्षवर्धन से जब पूछा गया कि दिल्ली में कोरोना वायरस की वैक्सीन फ्री दी जाएगी तो क्या देशभर में टीकाकरण फ्री होगा, इस पर उन्होंने कहा कि ना केवल दिल्ली, बल्कि पूरे देश में ही वैक्सीन फ्री दी जाएगी। हालांकि अब डॉ. हर्षवर्धन ने अपने इस बयान पर ट्वीट कर सफाई दी है।
 
इस दौरान डॉ. हर्षवर्धन ने कहा, 'मैं लोगों से अपील करता हूं कि अफवाहों पर ध्यान ना दें। कोरोना वायरस की वैक्सीन सुरक्षित हो और प्रभावकारी हो, यह सुनिश्चित करना हमारी पहली प्राथमिकता है। पोलियो के खिलाफ शुरू किए गए टीकाकरण अभियान के दौरान भी अलग-अलग तरह की कई अफवाहें फैली थीं, लेकिन लोगों ने पोलियो की वैक्सीन ली और आज भारत पोलियो-मुक्त देश बन चुका है।'
 

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री ने आगे कहा, 'पहले चरण के तहत चार राज्यों में किए गए ड्राई रन के बाद जो फीडबैक मिला, उसे कोरोना वायरस के टीकाकरण की गाइडलाइन में शामिल किया गया और सभी राज्यों, केंद्र शासित प्रदेशों में आज नई गाइडलाइन के मुताबिक ही ड्राई रन किया जा रहा है। केवल वास्तविक कोरोना वायरस वैक्सीन देने के अलावा, बाकी सभी प्रक्रियाओं का पालन किया जा रहा है।' वहीं, जीटीबी हॉस्पिटल में टीकाकरण अधिकारी ने बताया कि वैक्सीन को लेकर लोगों को हर तरह की जरूरी जानकारी दी जाएगी। अगर किसी भी शख्स को वैक्सीन से गंभीर रिएक्शन होता है, तो उन्हें तुरंत इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया जाएगा।

 

#हर्षवर्धन की सफाई

Source : Agency

पाठको की राय